हिंदी
देवरिया में हादसे में एक की मौत (IMG: Dynamite News)
Deoria News: सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बरियारपुर थाना क्षेत्र के देवरिया-बैकुंठपुर मार्ग पर ग्राम नगरवधु के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बरियारपुर थाना क्षेत्र के देवरिया-बैकुंठपुर मार्ग पर ग्राम नगरवधु के पास हुआ। बाइक सवार दो युवक जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी 22 वर्षीय नितेश राजभर पुत्र गिरीश राजभर के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान उसके दोस्त 22 वर्षीय विकास राजभर पुत्र मिठू के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि नितेश बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में फिटर का काम करता था। किसी काम के सिलसिले में वह देवरिया आया था और इसके बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नितेश और उसका दोस्त विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।
नितेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल विकास का इलाज जारी है।
यातायात जागरूकता अभियान और यातायात माह के दौरान भी सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। आए दिन होने वाले हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। सड़क सुरक्षा के लिए तेज रफ्तार पर नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन जरूरी है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना भी बेहद महत्वपूर्ण है।
Location : Deoria
Published : 1 November 2026, 6:21 PM IST