हिंदी
CHC में मरीज के पिता से मारपीट का आरोप (IMG: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपने बीमार सात वर्षीय बेटे का हाल जानने पहुंचे पिता के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और सुरक्षा कर्मियों समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया था, हालांकि बाद में उन्हें फोन वापस मिल गया। पीड़ित ने सलेमपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, बुधवार की रात करीब नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका सात वर्षीय पुत्र शिवांस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर में भर्ती है। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे। वहां उनके पुत्र को उसके बाबा शंभू कुमार उपचार के लिए लेकर आए थे। नागेंद्र ने ड्यूटी पर मौजूद फार्मासिस्ट से बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टर और उनकी मौजूदगी के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि इस पर फार्मासिस्ट ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्रता की।
नागेंद्र का आरोप है कि उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर मोबाइल से तस्वीर खींची और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिखाने की बात कही। इससे नाराज होकर वहां मौजूद वार्ड बॉय, चीफ फार्मासिस्ट, सुरक्षा कर्मियों और अस्पताल परिसर में बैठे एक निजी मेडिकल स्टोर संचालक ने उनके साथ मारपीट की।
शिकायत पत्र (IMG: Dynamite News)
गुड मॉर्निंग देवरिया: सुबह-सुबह पुलिस का पहरा; पार्कों से स्कूलों तक चला सुरक्षा अभियान
पीड़ित ने गाली-गलौज करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस दौरान चीफ फार्मासिस्ट ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। हालांकि, पीड़ित के मुताबिक उनका मोबाइल फोन अब सलेमपुर कोतवाली से वापस मिल चुका है। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराने और घटना के समय मौजूद लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि मरीजों के इलाज के लिए बने अस्पताल में एक अभिभावक के साथ इस तरह के व्यवहार के आरोपों की सच्चाई क्या है? मामले में अस्पताल प्रशासन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
Location : Deoria
Published : 31 October 2026, 1:41 PM IST
Topics : CCTV Footage Investigation Deoria News Hospital Misconduct Allegation Patient Family Assault Complaint Pharmacist Allegation