हिंदी
हाईवे पर लगा जाम (Image: Dynamite News)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भंगवा चुंगी चौराहे पर निजी बस कर्मियों और रोडवेज बस चालक के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद निजी बस के कुछ चालकों ने रोडवेज चालक के साथ मारपीट की। घटना पुलिस चौकी के सामने हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस (Image: Dynamite News)
मारपीट से आक्रोशित रोडवेज चालक ने अपनी बस बीच सड़क पर खड़ी कर दी। इसके बाद अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे सैकड़ों राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही टीएसआई अली अकबर और भंगवा चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी रमेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद सड़क पर खड़ी बस को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।
पीड़ित रोडवेज चालक ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी निजी बस कर्मियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Pratapgarh
Published : 1 November 2026, 6:04 PM IST
Topics : Bhangwa Chungi Pratapgarh Crime News pratapgarh news Private Bus Drivers roadways bus driver