शिक्षक निकला महिला का हत्यारा! हत्या के बाद डिग्गी में रखी लाश, दिनभर तलाशता रहा ठिकाना

देवरिया के रुद्रपुर में 26 वर्षीय रानी विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कार में गला घोंटकर हत्या की और शव को डिग्गी में रखकर पूरे दिन घूमने के बाद झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने कार की फॉरेंसिक जांच कराई है। परिजनों ने अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 November 2026, 4:15 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक महिला की हत्या के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि महिला की हत्या उसके ही परिचित ने की और फिर शव को अपनी कार की डिग्गी में रखकर पूरे दिन इधर-उधर घूमता रहा। जब उसे सुनसान जगह मिली तो सड़क किनारे जंगल और झाड़ियों में शव फेंक दिया। 31 अक्टूबर की रात झाड़ियों में महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मृतका की पहचान गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई।

31 अक्टूबर की रात झाड़ियों में मिला था महिला का शव

मामला देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र का है। 31 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे एक गांव के पास सड़क किनारे जंगल और झाड़ियों में महिला का शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव मिलने की खबर पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी पहचान गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र की निवासी 26 वर्षीय रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 519/26 दर्ज किया।

देवरिया में विकास कार्यों की पोल खुली: बिना पानी निकाले कराया जा रहा था नाला निर्माण, ग्रामीणों का हंगामा

परिचित विजय निषाद से था संबंध

पुलिस की जांच में सामने आया कि रानी विश्वकर्मा और विजय निषाद एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच संबंध थे। आरोपी विजय निषाद वीएन सेंट्रल स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश को अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि विजय निषाद सफेद रंग की वैगनआर कार से रानी को अपने साथ ले गया था। इसके बाद कार की पिछली सीट पर ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

Deoria News

देवरिया में महिला की हत्या का खुलासा (IMG: Dynamite News)

कार की डिग्गी में शव रखकर घूमता रहा आरोपी

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात शव को ठिकाने लगाने का तरीका सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी ने रानी के शव को कार की डिग्गी में रख दिया। इसके बाद वह सुबह करीब 10 बजे से पूरे दिन कार लेकर इधर-उधर घूमता रहा। आरोप है कि विजय निषाद लगातार ऐसी जगह तलाश रहा था, जहां शव को फेंकने के बाद किसी को आसानी से पता न चले। काफी देर तक घूमने के बाद उसे सुनसान जगह मिली। इसके बाद उसने सड़क किनारे जंगल और झाड़ियों में शव फेंक दिया।

देवरिया में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर, बुजुर्ग की मौत; दो मासूम जिंदगी-मौत से जूझ रहे

आरोपी की निशानदेही पर ATM कार्ड और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से जुड़ा सामान भी बरामद किया है। इसमें रानी का एटीएम कार्ड, कार्ड होल्डर और फ्लिप कवर वाला मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस इन बरामद वस्तुओं को मामले की जांच में अहम साक्ष्य मान रही है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की वैगनआर कार की भी फॉरेंसिक जांच कराई गई है। पुलिस ने कार और उसकी डिग्गी से नमूने एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वाहन में हत्या और शव को रखने से जुड़े कौन-कौन से साक्ष्य मौजूद हैं।

परिजनों ने जताई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका

पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मामला अभी पूरी तरह जांच के दायरे में है। मृतका के परिजनों ने इस वारदात में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है। उनका कहना है कि हत्या में केवल एक व्यक्ति शामिल था या इसके पीछे कोई और भी था, इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से जताई गई आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इसके अलावा दुष्कर्म की आशंका को लेकर पुलिस ने बताया कि अभी तक जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। इस पहलू पर भी विवेचना जारी है।

Location :  Deoria

Published :  3 November 2026, 4:15 PM IST

Related News

Advertisement