हिंदी
यातायात सुधार के लिए प्रशासन की नई पहल
Ramnagar: उत्तराखंड के पर्यटन शहर रामनगर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या और स्थानीय वाहनों की संख्या के चलते ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। लंबे समय से शहर में पार्किंग की समस्या और जाम की स्थिति बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि पुरानी तहसील के पास जिला विकास प्राधिकरण के तहत प्रस्तावित इस पार्किंग में करीब 343 वाहनों के ठहरने की सुविधा होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना शासन के संज्ञान में है और जल्द ही इसकी ईएफसी (एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पार्किंग से शहर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या और जाम की स्थिति से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
रामनगर कॉर्बेट सफारी, वीकेंड पर्यटन और विभिन्न पर्यटन सीजन में भारी भीड़ का केंद्र है। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है। इस मल्टी स्टोरी पार्किंग परियोजना से न केवल पार्किंग की समस्या हल होगी, बल्कि शहर में यातायात का प्रवाह भी बेहतर होगा।
ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी नैनीताल
जिलाधिकारी ने शहर के रिसॉर्ट संचालकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखें और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। प्रशासन का लक्ष्य है कि शहर पर्यटन के अनुरूप सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुगम यातायात वाला बने।
जिलाधिकारी ने बताया कि रोडसाइड पार्किंग को व्यवस्थित करने, खेल मैदान और मिनी स्टेडियम के विकास, पार्कों के सुंदरीकरण और शहर के समग्र यातायात सुधार के लिए भी जल्द ही ठोस और ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही सड़कों की व्हाइट लाइनिंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और अन्य सुधारात्मक कार्य तेजी से किए जाएंगे।
Nainital News: रामनगर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के रहे खास इंतजाम
मल्टी स्टोरी पार्किंग परियोजना से न केवल पर्यटक बल्कि स्थानीय लोग भी लाभान्वित होंगे। लंबी दूरी की पार्किंग खोजने और जाम में फंसने की समस्या कम होगी। प्रशासन की यह पहल रामनगर को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Location : Ramnagar
Published : 17 February 2026, 4:20 PM IST