हिंदी
दिग्गज लेखक सलीम खान की तबीयत बिगड़ी (Img- Internet)
Mumbai: हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में चिंता का माहौल है। हालांकि अभी तक उनकी सेहत को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की ऐतिहासिक लेखक जोड़ी जावेद अख्तर के साथ ‘सलीम-जावेद’ के नाम से मशहूर रहे हैं। इस जोड़ी ने 70 और 80 के दशक में कई सुपरहिट फिल्मों की पटकथा लिखी और हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी। सलीम खान न सिर्फ एक सफल लेखक हैं, बल्कि सुपरस्टार सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान के पिता भी हैं।
सलमान खान की ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ हुई पोस्टपोन, अब इस तारीख को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
इस खबर की जानकारी सबसे पहले मशहूर पैपराजी विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की। उन्होंने अस्पताल के बाहर का एक वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा कि सलीम खान लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो गई और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने लगे।
स्क्रीनराइटर सलीम खान (Img- Internet)
पिता की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही सलमान खान अस्पताल पहुंचे। उन्हें लीलावती अस्पताल के बाहर देखा गया, जहां वह काफी चिंतित नजर आ रहे थे। उनके साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद थी। सलमान ने काले रंग की टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। फिलहाल परिवार की ओर से बीमारी के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
कपूर खानदान की बेटी का कातिलाना अंदाज, फोटोशूट में बिखेरा जलवा
सलीम खान ने वर्ष 1964 में सलमा खान से शादी की थी। दोनों ने नवंबर 2025 में अपनी शादी की 61वीं सालगिरह मनाई। उनके चार बच्चे हैं सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा। बाद में 1981 में सलीम खान ने अभिनेत्री हेलेन से भी विवाह किया। उनका परिवार लंबे समय से मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में रहता है, जो लीलावती अस्पताल के करीब ही है।
फिलहाल सभी की नजरें सलीम खान की सेहत से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर टिकी हैं और प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
Location : Mumbai
Published : 17 February 2026, 2:00 PM IST