हिंदी
जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला पतगड़ी स्थित जवारीडाड़ जंगल में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक पेड़ से खोपड़ी का अवशेष लटकता मिला।
इलाके में मचा हड़कंप
Sonbhadra: जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला पतगड़ी स्थित जवारीडाड़ जंगल में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक पेड़ से खोपड़ी का अवशेष लटकता मिला। जंगल की ओर मवेशी चराने गए चरवाहों की नजर जब पेड़ से लटकती खोपड़ी पर पड़ी तो वे दहशत में आ गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पेड़ से लटकते अवशेषों को सावधानीपूर्वक नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच और परिजनों की शिनाख्त के आधार पर मृतक की पहचान जवारीडाड़ निवासी 16 वर्षीय मंगला प्रसाद पुत्र रामविलास के रूप में हुई है। जंगल में मिले अवशेषों की पहचान मृतक के बड़े भाई रवि कुमार ने कपड़ों और बेल्ट के आधार पर की। पहचान के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल छा गया।
परिजनों के अनुसार मंगला प्रसाद 19 जनवरी की सुबह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। अंततः 26 जनवरी को चोपन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस तब से ही उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
प्लास्टिक कप में चाय पीना पड़ सकता है भारी, जानिए बचाव
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।