हिंदी
कुशीनगर DM महेंद्र सिंह तंवर और SP केशव कुमार ने की बैठक
Kushinagar: आगामी त्योहारों को लेकर कुशीनगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंगलवार को जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार मौजूद रहे। बैठक में रमजान, होलिका दहन, होली, नवरात्रि और रामनवमी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
भाईचारे के साथ मनें सभी पर्व
जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने विवादों और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा की जाए। जो लोग लगातार विवादों में शामिल रहे हैं, उन्हें आवश्यक धाराओं में पाबंद किया जाए। डीएम ने यह भी कहा कि प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और नगरपालिका विभाग के अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक प्रतिनिधियों के पास रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क हो सके।

होली पर जबरन रंग और अभद्रता पर रोक
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि होली पर किसी को जबरदस्ती रंग न लगाया जाए और शराब पीकर अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। होलिका दहन स्थलों से जुड़े विवाद आपसी सहमति से निपटाए जाएं। होलिका दहन के दिन जलापूर्ति बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया। रमजान के दौरान नमाज स्थलों पर साफ-सफाई और व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि कहीं भी सड़क पर नमाज न हो और निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए।
डीजे की आवाज और जुलूस पर सख्ती
शोभायात्राओं के दौरान डीजे की ध्वनि उच्चतम न्यायालय की निर्धारित डेसीबल सीमा के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। जुलूस और होलिका दहन पारंपरिक ढंग से ही हों, इसके लिए आयोजकों से समन्वय करने को कहा गया।
सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों को चिन्हित कर पाबंद किया जाएगा। परिवहन विभाग को भी निर्देश दिए गए कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी और ओवरलोड वाहनों का प्रवेश रोका जाए तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
Location : Kushinagar
Published : 17 February 2026, 7:18 PM IST