हिंदी
नैनीताल जिले में जिला जज की आधिकारिक ई-मेल पर मंगलवार सुबह फिर धमकी भरा संदेश पहुंचा। मेल में अदालत परिसर में विस्फोट की समय-सीमा तक लिखी गई, जिसके बाद पुलिस, बीडीएस और डॉग स्क्वाड ने न्यायालय भवन की गहन तलाशी शुरू कर दी। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है।
नैनीताल न्यायालय को फिर मिली धमकी
Nainital: नैनीताल में न्यायालयों को मिल रही धमकियों का दौर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भेजे गए धमकी भरे मेल की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि मंगलवार की सुबह जिले के जिला जज की आधिकारिक ई-मेल पर एक और खतरनाक संदेश पहुंच गया। ताज़ा मेल में अदालत परिसर में विस्फोट करने का समय तक बताया गया है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था अचानक और कड़ी कर दी गई।
क्या है पूरी खबर?
सुबह संदेश मिलते ही न्यायालय भवन के सभी हिस्सों की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की टीमों ने चैंबर, कमरों और आसपास के गलियारों की सूक्ष्म तलाशी लेकर हर संभव खतरे को परखना शुरू किया। प्रशासन ने अदालत परिसर में आवाजाही को सीमित करते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। धमकी में लिखे गए 11 बजकर 15 मिनट के समय ने पूरे जिले को सतर्क मोड पर ला दिया।
आसपास घातक विस्फोटक सामग्री
यह ई-मेल मंगलवार सुबह करीब 7 बजकर 11 मिनट पर आया। इसमें दावा किया गया है कि जज के चैंबर के आसपास घातक विस्फोटक सामग्री पहले से छिपाई जा चुकी है। संदेश भेजने वाले ने अदालत को तत्काल खाली करने की चेतावनी दी है और कहा है कि विस्फोटक को किसी भी क्षण सक्रिय किया जा सकता है। मेल में यह भी लिखा गया है कि शक्तिशाली पदार्थों से बने कई आईईडी परिसर में विभिन्न जगहों पर रखे गए हैं और इन्हें एक निश्चित दूरी से रिमोट के ज़रिए संचालित करने की योजना है।
विदेशी संगठन से जुड़े लोगों के रूप में प्रस्तुत
संदेश में भेजने वालों ने यह भी कहा है कि यदि किसी वजह से ये उपकरण सक्रिय नहीं होते हैं, तो उनके साथी भीतर घुसकर धमाका करेंगे। मेल भेजने वाले समूह ने अदालत को आसान लक्ष्य बताकर धमकियों की जिम्मेदारी भी अपने ऊपर ली है। संदेश के अंत में खुद को विदेशी संगठन से जुड़े लोगों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस सिस्टम का ‘रियलिटी चेक’ महराजगंज दौरे पर आये DIG शिवसिम्पी चनप्पा, देखिए क्या बोले ?
पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से देख रही है। साइबर विशेषज्ञों की टीम ई-मेल भेजने वाले की लोकेशन और स्रोत तैयार करने में जुटी हुई है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल न्यायालय परिसर को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।