हिंदी
नैनीताल की रामनगर कचहरी को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में कचहरी परिसर को खाली कराया। मैसेज मिलते ही न्यायिक अधिकारियों के साथ ही पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई।
रामनगर कोर्ट को मिली बम थ्रेट
Nainital: उत्तराखंड में कोर्ट से सोमवार को बड़ी खबर सामने आ रही है। अज्ञात लोगों ने रामनगर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद अधिवक्ताओं के साथ ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। बम की सूचना मिलने के बाद कोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। बम निरोधक दस्ता के साथ डॉग स्क्वायड टीम ने कचहरी पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
ताजा जानकारी के अनुसार नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। नैनीताल में कोर्ट को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं। सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
उत्तराकशी में भी धमकी के बाद कोर्ट परिसर खाली करवाया गया। नगर कोतवाल भावना कैंथोला के मुताबिक जिला कोर्ट से मेल पर परिसर में आरडीएक्स होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मैसेज मिलते ही न्यायिक अधिकारियों के साथ ही पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। अधिवक्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाएं।
रामनगर कोर्ट परिसर अफरातफरी का माहौल
जिला जज द्वारा रामनगर के अपर जिला जज को सूचना दी गई है कि कुछ लोगों द्वारा रामनगर न्यायालय में आरडीएक्स लगाकर कोर्ट को बम से उड़ने की धमकी दी गई है जिसकी जानकारी रामनगर कोर्ट द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए।
घटना के बाद भारी मात्रा में पुलिस के अलावा खुफिया एवं प्रशासनिक अधिकारी कोर्ट परिसर में मौजूद हैं तो वहीं घटना को लेकर अधिवक्ता काफी डरे हुए हैं। अधिवक्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद रामनगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसपी को भी की गई है। पुलिस ने बताया कि इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।