हिंदी
रामनगर तहसील दिवस में एडीएम विवेक राय ने 25 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। सिंचाई नहर प्रकरण पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लापरवाही दोहराने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई।
तहसील सभागार में आयोजित हुआ जनसुनवाई शिविर
Ramnagar: मंगलवार 17 फरवरी को रामनगर तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एसडीएम गोपाल चौहान, तहसीलदार मनीषा मारकाना, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
एडीएम विवेक राय ने बताया कि तहसील दिवस में 25 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने स्पष्ट कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य जनता को कार्यालयों के चक्कर से बचाना है। यदि कोई अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति गंभीर नहीं पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने की हिदायत दी।
विवेक राय एडीएम प्रशासन
एक फरियादी ने शिकायत की कि सिंचाई नहर में कूड़ा डाले जाने के कारण नहर का पानी दूषित हो गया और उनकी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने समस्या का तत्काल समाधान करने और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी।
तहसील दिवस में सड़क, पानी और बिजली की समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। इसके अलावा अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग भी फरियादियों ने रखी। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
Nainital News: रामनगर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के रहे खास इंतजाम
प्रशासन का मानना है कि ऐसे शिविरों से जनता और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत होता है। मौके पर समाधान मिलने से लोगों का भरोसा भी बढ़ता है। एडीएम ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।