हिंदी
रामनगर के एक वरिष्ठ किसान ने सहकारी क्रय केन्द्र पिरूमदारा पर 80 कुंतल धान की पोर्टल एंट्री न करने का आरोप लगाया है। किसान का कहना है कि प्रविष्टि न होने से भुगतान अटका है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने जांच की मांग की है।
रामनगर में किसान का आरोप
Ramnagar: उत्तराखंड के रामनगर में एक वरिष्ठ किसान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सहकारी क्रय केन्द्र पीरूमदारा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का कहना है कि 80 कुंतल धान की तोल होने के बावजूद उसकी प्रविष्टि क्रय पोर्टल में दर्ज नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिल पाया है।
रामनगर के दुर्गापुरी निवासी सुरेश चन्द्र नैनवाल, पुत्र स्वर्गीय हरिदत्त नैनवाल, ने बताया कि उनकी ग्राम लोकमानपुर चोपड़ा, पीरूमदारा, तहसील रामनगर, जिला नैनीताल में लगभग 20 एकड़ कृषि भूमि है। वर्ष 2025 में उन्होंने 15 एकड़ में धान की खेती की थी। तहसील रामनगर के हल्का पटवारी द्वारा 25 कुंतल प्रति एकड़ के आधार पर क्रॉप कटिंग से पैदावार निर्धारित की गई थी।
किसान के अनुसार उन्होंने सहकारी क्रय केन्द्र पीरूमदारा में क्रमशः 20 नवंबर 2025 को 47.20 कुंतल, 22 नवंबर को 42.40 कुंतल, 2 दिसंबर को 50 कुंतल और 8 दिसंबर को 23.20 कुंतल धान बेचा। कुल मिलाकर 162.80 कुंतल धान कृषि उत्पादन मंडी समिति रामनगर में दर्ज हुआ।
Nainital News: रामनगर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के रहे खास इंतजाम
सुरेश नैनवाल का आरोप है कि 18 नवंबर 2025 को बेचे गए 80 कुंतल धान की तोल की प्रविष्टि क्रय पोर्टल में नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में क्रय केन्द्र संचालक पन्ना लाल को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचित किया गया, लेकिन इसके बावजूद पोर्टल में एंट्री नहीं हुई।
उनका कहना है कि जब उन्होंने फोन पर प्रविष्टि दर्ज करने को कहा तो उन्हें बताया गया कि क्रय पोर्टल बंद हो चुका है, जबकि 2 दिसंबर 2025 तक पोर्टल खुला था। किसान ने बताया कि उक्त तिथि की आर-6 रसीद उनके पास मौजूद है, जिसे उन्होंने शिकायत के साथ संलग्न किया है।
किसान ने बताया कि इस मामले में एडीओ विपिन सिंह को भी लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और भुगतान लंबित है।
70 वर्ष से अधिक आयु के सुरेश नैनवाल ने बताया कि वे कमजोर दृष्टि और हृदय रोग से पीड़ित हैं। इसके बावजूद मजदूरों और किराए के ट्रैक्टर की मदद से खेती कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
Ramnagar Crime: सहारे का झांसा देकर विधवा के साथ शोषण, रामनगर से चौंकाने वाला मामला
वहीं पीरूमदारा क्रय केन्द्र प्रभारी पन्ना लाल ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसान ने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।