हिंदी
Symbolic Photo (Google Image)
Sonbhadra: सोनभद्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी की विदाई नहीं होने से नाराज एक युवक जान जोखिम में डालते हुए हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। 33 हजार वोल्ट की लाइन वाले टावर पर युवक को चढ़ता देख लोगों की सांसें थम गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ससुराल में कहासुनी के बाद उठाया कदम
मामला सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव का है। करमा थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय विश्राम कुमार अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ससुराल पक्ष से विवाद हो गया। युवक को लगा कि उसकी पत्नी की विदाई नहीं होगी, जिससे वह गुस्से में आ गया।
33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप
नाराज युवक पास में लगे हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया।
समझाइश के बाद उतरा नीचे
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ रणधीर मिश्रा मौके पर पहुंचे और काफी देर तक युवक को समझाते रहे। उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा। काफी समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वीडियो वायरल, बड़ी घटना टली
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।
Location : Sonbhadra
Published : 16 February 2026, 8:00 PM IST
Topics : Family Drama sonbhadra news UP News Viral News