हिंदी
नैनीताल जिले के कालाढूंगी में देर रात बैलपोखरा क्षेत्र गोलियों की आवाज से दहल उठा। दो युवक फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए। पुरानी रंजिश के चलते दो गुट आमने-सामने आ गए और विवाद गोलीबारी में बदल गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
नैनीताल में ताबड़तोड़ फायरिंग
Nainital: नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी फैल गई, जब बैलपड़ाव चौकी के पास अचानक गोलियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। देर रात हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। इस दौरान दो युवकों को गोली लगी, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को उपचार दिया जा रहा है।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, घटना का केंद्र बैलपोखरा क्षेत्र बताया गया है। जहां शनिवार देर रात दो गुटों का आमने-सामने विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते तीन लोगों ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीकांड की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए
हमलावरों की तलाश शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी पुलिस के अनुसार अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन फिर भी पुलिस मौके-वारदात की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम नियुक्त कर दी गई है और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है।
Chandauli Crime: मादक द्रव्य कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी स्वप्निल केसरी की 6 संपत्तियां फ्रीज
तीनों युवक घटना के बाद फरार
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद किसी पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी के चलते हुआ होगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार फायरिंग करने वाले तीनों युवक घटना के बाद फरार हो गए हैं। वहीं घायल युवकों की पहचान लवी गिल और बबलू के रूप में हुई है, जो बैलपोखरा के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान दोनों पक्षों में हुई बहस झगड़े में बदल गई और गोली चल गई। इस गोलीबारी की वजह से पूरे इलाके का माहौल सहमा हुआ है। पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार किया जाएगा।