हिंदी
हरिद्वार में आस्था शर्मसार (Img- Envato)
Haridwar: धार्मिक नगरी हरिद्वार के पथरी क्षेत्र स्थित शिवगढ़ गांव के ऐतिहासिक शिव मंदिर में सोमवार को एक ऐसा खौफनाक हत्याकांड सामने आया, जिसने पूरी घाटी को दहला दिया है।
मंदिर परिसर में ही सेवा दे रहे दो साधुओं सेवा गिरि और उत्तम गिरि की बर्बरता से हत्या कर उनके शवों को मंदिर प्रांगण में ही जमीन में दफना दिया गया। एक साधु की गला घोंटकर तो दूसरे की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। पवित्र स्थान पर हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद से इलाके में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे मंदिर में शरण लेने आए तीन संदिग्ध 'साधु वेशधारी' हो सकते हैं। शनिवार की रात ये तीनों बाहरी व्यक्ति मंदिर परिसर में ठहरे थे।
ग्रामीणों और पुलिस का मानना है कि मृतक साधुओं ने उन्हें अपना परिचित मानकर ही पनाह दी होगी, लेकिन आस्था के भेष में आए इन कातिलों ने धोखे से इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और वारदात के बाद से ही फरार हैं।
सोमवार सुबह जब दोनों साधु मंदिर में नजर नहीं आए, तब ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की और ताजी खुदी जमीन देखकर पुलिस को सूचना दी। एसएसपी नवनीत सिंह, सीओ देवेंद्र नेगी और थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच संभाली।
हैरान करने वाली बात यह है कि गांव वाले दोनों साधुओं के मूल निवास के बारे में बहुत कम जानते हैं। ऐसे में पुलिस इस कोण से भी जांच कर रही है कि क्या इस कत्ल के तार साधुओं के अतीत से जुड़े हैं या फिर रातों-रात किसी बात पर भड़का विवाद इस खूनी अंजाम की वजह बना।
Location : Haridwar
Published : 21 July 2026, 9:13 AM IST