हिंदी
अंजली का फाइल फोटो (Image: Dynamite News)
Noida News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली 22 वर्षीय अंजली का शव नोएडा के सेक्टर-39 स्थित एक कमरे में मिलने के बाद मामला गरमा गया। रविवार रात पोस्टमार्टम के बाद जब शव उसके गांव शेखूपुर पहुंचा, तो परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर विधायक, सीओ और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे तक समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
अंजली (22) मूल रूप से बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव की रहने वाली थी। उसके जीजा आकाश दीप के मुताबिक, अंजली गाजियाबाद की एक कंपनी में नौकरी करती थी और इंदिरापुरम में अपनी सहेली के साथ किराये के फ्लैट में रहती थी। रविवार को छुट्टी होने के कारण आकाश दीप की पत्नी लतेश ने अंजली को फोन किया। आरोप है कि फोन पुलिसकर्मी ने उठाया और उन्हें नोएडा स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के लिए कहा। यह सुनकर लतेश घबरा गईं और उन्होंने अपने पति को जानकारी दी। इसके बाद दोनों नोएडा पहुंचे, जहां अंजली का शव देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े।
परिजनों के मुताबिक, नोएडा के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने पर उन्हें अंजली की मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्हें बताया गया कि उसका शव सेक्टर-39 स्थित एक कमरे में मिला था। इसके बाद गांव के अन्य परिजन भी नोएडा पहुंच गए। रविवार रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। देर रात होने के कारण अंतिम संस्कार सोमवार को करने का फैसला लिया गया। हालांकि, सोमवार सुबह करीब नौ बजे अंतिम संस्कार से पहले परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई। इसके बाद गांव में हंगामा शुरू हो गया।
हंगामे की सूचना पर डिबाई विधायक सीपी सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह के साथ छतारी, पहासू और नरौरा थानों की पुलिस भी गांव पहुंच गई। परिजन मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे थे और मौत की वजह स्पष्ट करने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने उन्हें जांच से जुड़ी जानकारी देकर शांत कराने का प्रयास किया। करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए।
सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह के अनुसार, परिजन नोएडा पुलिस की कार्रवाई पर आरोप लगा रहे थे। इस संबंध में संबंधित थाने से संपर्क कर मामले के विवेचक से बात की गई। विवेचक ने बताया कि फिलहाल किसी पर संदेह की पुष्टि नहीं हुई है और शव मिलने से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। सीओ के मुताबिक, परिजनों को समझाया गया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार, गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है। अंजली की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले में जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
Location : Noida
Published : 19 October 2026, 6:51 PM IST