हिंदी
लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग का आरोप (Source: Dynamite News)
Bareilly: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर फरीदपुर स्थित एक ढाबे पर सोमवार रात खाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति ने खाद व्यापारी के बेटे पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में युवक के हाथ में तीन गोलियां लगीं, जबकि मारपीट के दौरान आरोपी के सिर में भी गंभीर चोट आई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता सोमवार रात अपने साथी प्रेम शर्मा के साथ फरीदपुर स्थित मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह ने शराब के नशे में प्रेम शर्मा से गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। अंकित ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ गया।
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान राजेश प्रताप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अंकित पर कई गोलियां चला दीं। इस दौरान तीन गोलियां अंकित के हाथ में लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया गया कि फायरिंग के बाद अंकित ने आरोपी से रिवॉल्वर छीन ली और उसे अपनी गाड़ी में रखकर उपचार के लिए फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और अंकित से घटना की जानकारी ली। अंकित ने छीनी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी।
शराब के नशे में गरबा उत्सव में बवाल? थार से गार्ड पर चढ़ाई गाड़ी, पुलिस ने दर्ज किया केस
कुछ देर बाद राजेश प्रताप सिंह भी घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। उसके सिर में गंभीर चोट बताई गई है। चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बरेली रेफर कर दिया। आरोपी के सिर में चोट किन परिस्थितियों में लगी, इसकी भी जांच की जा रही है।
खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता की तहरीर पर फरीदपुर थाने में राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस विवाद की वजह, फायरिंग और मारपीट के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Location : Bareilly
Published : 20 October 2026, 12:20 PM IST