2 साल तक दिया चकमा, आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे; गोरखपुर में 5 हजार का इनामी मिट्ठू किन्नर गिरफ्तार

गोरखपुर में बड़हलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2022 के चर्चित लूटकांड का 5,000 रुपये का इनामी मिट्ठू किन्नर गिरफ्तार कर लिया गया है। अब बड़हलगंज पुलिस टीम ने उसे दबोचकर कोर्ट में पेश किया।

Gorakhpur: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़हलगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2022 के चर्चित लूटकांड में वांछित चल रहे 5,000 रुपये के इनामी अभियुक्त मिट्ठू किन्नर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इनामी अभियुक्त को किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: धारदार हथियार के हमले से जिंदगी की जंग हारा युवक, देर शाम गांव में क्यों मचा बवाल?

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक यह मामला 13 सितंबर 2022 का है। आरोप है कि वादी अपने वाहन से जा रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने दोनों ओर से वाहन में घुसकर उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित से 6,200 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी दस्तावेज छीन लिए और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर बड़हलगंज थाने में मुकदमा संख्या 439/2022 धारा 394 एवं 411 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अभियुक्तों की तलाश शुरू

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल अभियुक्तों की तलाश शुरू की, लेकिन मिट्ठू किन्नर लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। उसकी गिरफ्तारी न होने पर उस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार मिल रही सूचनाओं और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आखिरकार उसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मिट्ठू किन्नर पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद, निवासी जीवकर थाना गगहा, जनपद गोरखपुर, हाल पता मुसहर बस्ती थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें- Gorakhpur News: पुरानी दुश्मनी का खौफनाक बदला, क्या हुआ था उस दिन

अपराधियों के विरुद्ध अभियान जारी

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, आरक्षी रितेश यादव, हेड कांस्टेबल अमित यादव तथा कांस्टेबल पीयूष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और फरार व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जाते रहेंगे।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 July 2026, 6:58 PM IST

Advertisement