हिंदी
पुरानी रंजिश में घर पर बोला हमला
Gorakhpur: गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पर हमला किया था।
आरोप है कि पहले घर के दरवाजे पर चढ़कर मारपीट की गई, फिर छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाए गए और जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस टीम ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश निषाद पुत्र रामबली निषाद तथा विकास निषाद पुत्र शशिकपूर निषाद, निवासी सेमरवासा रियाँव, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना 2 जून 2026 की है। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने वादी के घर पहुंचकर विवाद शुरू किया और मारपीट की। इसके बाद आरोपी मकान की छत पर चढ़ गए तथा ईंट-पत्थर फेंककर हमला किया, जिससे पीड़ित पक्ष में दहशत फैल गई। जाते समय आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर गगहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 191(2), 117(2) और 109(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
गोरखपुर में 8 राजस्व निरीक्षकों का तबादला, जानिए किसे मिला कौन-सा नया जिला?
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप यादव, कांस्टेबल आलोक सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
गोरखपुर जेल में बंदी की संदिग्ध मौत, बैरक के अंदर आखिर क्या हुआ?
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 19 July 2026, 1:51 AM IST