हिंदी
गोरखपुर जेल में बंदी ने लगाई फांसी
Gorakhpur: जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन बंदी द्वारा बैरक के अंदर फांसी लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जेल अधिकारी, शाहपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चांदनी चौक ईदगाह रोड निवासी शौकत अफरोज उर्फ राजू (28) को रेलवे स्टेशन पर चोरी के आरोप में जीआरपी ने गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेशी के बाद 30 जून को उसे गोरखपुर जिला कारागार भेजा गया, जहां उसे बैरक संख्या-24 में रखा गया था। वह विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में निरुद्ध था।
बताया जा रहा है कि 17 जुलाई की दोपहर लगभग तीन बजे शौकत अफरोज ने बैरक के भीतर बनी सीढ़ी के ऊपरी लोहे के दरवाजे के हैंडल में गमछा बांधकर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब अन्य बंदियों और बंदी रक्षकों की नजर उस पर पड़ी तो तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस जिला कारागार पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा।
शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए उसे कुशीनगर ले गए।
गोरखपुर में 8 राजस्व निरीक्षकों का तबादला, जानिए किसे मिला कौन-सा नया जिला?
घटना के बाद जेल प्रशासन ने पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बंदी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और घटना के समय बैरक में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति क्या थी।
क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि जिला कारागार में एक बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 18 July 2026, 11:44 PM IST
Topics : gorakhpur district jail gorakhpur jail incident inmate found dead kushinagar youth prisoner suicide
No related posts found.