हिंदी
जनपद में तेज रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब नशे में धुत एक लोडर चालक ने एक साथ चार वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियां और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए…पढिये यह खबर
4 वाहनों को मारी टक्कर
रायबरेली: जनपद में तेज रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब नशे में धुत एक लोडर चालक ने एक साथ चार वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियां और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।घटना दिनांक 16 फरवरी 2026, दिन सोमवार की रात करीब 10 बजे की है। मामला प्रगति पुरम मोड़ के पास का है, जो मिल एरिया थाना क्षेत्र में आता है।
क्या है पूरी घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक तेज रफ्तार लोडर वाहन सड़क पर लहराते हुए आ रहा था। स्थानीय निवासी मयंक ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। उसने पहले एक कार में टक्कर मारी, उसके बाद एक बाइक और दो स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक कार, दो स्कूटी और एक बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहनों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।इस दुर्घटना में दो युवतियां और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना प्रभारी विन्ध्य विनय रावत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि लोडर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया है। सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।