हिंदी
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है, असोथर क्षेत्र में एक किसान की संदिग्ध हालात में हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सुबह खेत में शव मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। मोबाइल गायब होने से वारदात के पीछे गहरे राज छिपे होने की आशंका है।
खेत में मिली लहूलुहान शव, मौके पर पहुंची पुलिस
Fatehpur: असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अधेड़ किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह अरहर के खेत में शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान टीकर गांव निवासी रामसुमेर उर्फ प्यारे सिंह (45) पुत्र शिवगोविंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामसुमेर मंगलवार रात करीब आठ बजे घर पर खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सोने के लिए निकले थे। वह खेती-किसानी के काम से जुड़े थे और रात में ट्यूबवेल पर ही रुकते थे। आमतौर पर वह सुबह आठ बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन बुधवार सुबह नौ बजे तक भी जब वह वापस नहीं आए तो परिजन चिंतित हो उठे।
परिजनों ने तलाश शुरू की और बच्चों को ट्यूबवेल की ओर भेजा। वहां पहुंचने पर ट्यूबवेल का दरवाजा बंद मिला। इसी बीच वापस लौटते समय मृतक की बेटी की नजर पास के अरहर के खेत में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो शव की गर्दन कटी हुई थी। बच्ची घबराकर घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान रामसुमेर के रूप में हुई।
अधेड़ किसान का निर्मम कत्ल के बाद घटना स्थल पर परिजन व पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। खेत और आसपास के क्षेत्र को घेरकर बारीकी से जांच की गई।
परिजनों ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन मौके से गायब है और फोन बंद आ रहा है। इससे हत्या के पीछे लूट या किसी पूर्व नियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
मृतक के छोटे भाई की पत्नी शीलू सिंह ने बताया कि रामसुमेर परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू सिंह, दो बेटियां- कोमल (22) और राधिका (13) तथा दो छोटे बेटे अंश और वंश (दोनों छह वर्ष) हैं। बड़ी बेटी कोमल की शादी हो चुकी है। पति की निर्मम हत्या के बाद पत्नी रेनू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रामसुमेर दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई गोकुल सिंह कानपुर में नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलते ही वह गांव के लिए रवाना हो गया है। गांव में इस जघन्य हत्याकांड को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।