रायबरेली में सड़क बनी काल: डंपर ने स्कूटी सवार को कुचला, दो अलग हादसों में खत्म हुई 2 जिंदगी

रायबरेली में सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। डलमऊ में डंपर की टक्कर से एक युवक की मौत हुई, जबकि जगतपुर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Raebareli: रायबरेली की सड़कों पर मंगलवार का दिन मातम लेकर आया। तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो अलग-अलग हादसों में दो जिंदगियां छीन लीं। कहीं डंपर की रफ्तार ने एक युवक को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया तो कहीं बेटी की सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। एक के बाद एक हुए इन हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डलमऊ में डंपर का कहर

डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कुटिया चौराहे के पास भरसना मोड़ पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी चला रहे अनुज शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बेला टेकई निवासी अनुज शुक्ला पुत्र इंद्र कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। वह अपने साथी दिवाकर तिवारी के साथ स्कूटी से मुराईबाग जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भरसना मोड़ पर सामने से आ रहा डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे बैठे दिवाकर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रहा एक और डंपर भी हादसे से बचने की कोशिश में पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी राघव सिंह ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

जगतपुर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मौत

इधर रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र से भी दुखद खबर सामने आई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम प्रसाद प्रजापति का घायल अवस्था में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह अपनी बेटी शिवानी की सगाई की खरीदारी कर लौट रहे थे। पूरा आशा बिछियावादी गांव निवासी राम प्रसाद शनिवार रात करीब 9 बजे अपने मजदूर गंगाराम के साथ बाइक से सलोन से वापस आ रहे थे।

सूची चौकी के सामने अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें सलोन सीएचसी, फिर जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

 

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 3 February 2026, 7:35 PM IST

Advertisement
Advertisement