हिंदी
तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला
Gorakhpur News: जनपद के खजनी मार्ग पर इन दिनों हालात बेहद चिंताजनक होते जा रहे हैं। घनी आबादी के बीच बनी दो लेन की सड़क पर भारी वाहनों का बढ़ता दबाव और अतिक्रमण की समस्या ने आम लोगों के लिए चलना तक मुश्किल कर दिया है। स्थिति यह है कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और स्थानीय लोग लगातार दहशत में जीवन जीने को मजबूर हैं।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को दिन में इसी मार्ग पर एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। खजनी थाना क्षेत्र के समीप तिराहे पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने एक साइकिल सवार को रौंद दिया । पहिये के नीचे पड़ा साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिवार में कोहराम
मृतक की पहचान पिपरा बनवारी निवासी भोला (पुत्र बसंत) उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
भारी वाहन बड़ी संख्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि खजनी मार्ग पर डबल टोल बचाने के लिए भारी वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं। ये वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे बाइक और साइकिल सवार सबसे ज्यादा हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था की कमी ने हालात को और भी खराब कर दिया है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण किया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 21 April 2026, 9:40 PM IST
Topics : Gorakhpur News Khajni news Latest News UP News