हिंदी
चार आरोपी गिरफ्तार
Ballia : बलिया में सुनसान रास्तों पर अकेले राहगीरों की रेकी कर मारपीट और धमकी देकर बाइक लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्वाट, सर्विलांस और भीमपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रसड़ा क्षेत्र से लूटी गई बाइक और भीमपुरा में लूटी गई बाइक के रीम लगे दो पहिए बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक के पार्ट खोलकर बेचने की बात स्वीकार की है।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया के पास 17 अक्टूबर की रात बाइक सवार पिता-पुत्र को बदमाशों ने रोक लिया था। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
मंगलवार को पुलिस टीम नहर कॉलोनी बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्वाट प्रभारी अजय साहनी और सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव की टीम भी मौके पर पहुंची। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि टिकुलिया में बाइक लूटने वाले बदमाश दो बाइकों से पुराचट्टी की ओर से सिकरिया की तरफ आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच सामने से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर बाइक सवार वापस मुड़कर भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव निवासी ताड़ीबड़ागांव, थाना नगरा, राजेश यादव निवासी कसेसर, थाना भीमपुरा, आशीष यादव उर्फ गोलू यादव निवासी शिवपुर मठिया, थाना भीमपुरा और प्रिंस यादव निवासी रौकलपुर, थाना भीमपुरा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों बाइकों से दो बोरियां बरामद हुईं। इनमें रीम लगे मोटरसाइकिल के दो पहिए मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात टिकुलिया के पास लूटी गई बाइक को पालचंद्रहा गांव के पास खेत में ले जाकर उसके पार्ट अलग-अलग कर दिए थे।
आरोपियों के मुताबिक, बाइक की बैटरी और दोनों हब उनके गाजीपुर निवासी साथी अभिषेक और मंटू लेकर चले गए थे, जबकि दोनों पहिए उन्होंने अपने पास रख लिए थे।
पूछताछ में एक अन्य वारदात का भी खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि 13 अक्टूबर को गाजीपुर निवासी अपने साथियों अभिषेक और मंटू की मदद से रसड़ा क्षेत्र से एक दूसरी बाइक लूटी थी। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट, डिग्गी और लेग गार्ड निकालकर अलग कर दिए गए थे। पुलिस की जांच में यह बाइक रसड़ा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे से संबंधित पाई गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के थाना क्षेत्रों में घूमकर अकेले राहगीरों की रेकी करते थे। सुनसान जगह मिलने पर उन्हें रोककर मारपीट और धमकी देते थे और उनकी बाइक लूटकर फरार हो जाते थे। इसके बाद बाइक के पार्ट अलग-अलग कर बेच दिए जाते थे, ताकि वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाए।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। पूछताछ में सामने आए गाजीपुर निवासी अभिषेक और मंटू की तलाश की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से भीमपुरा और रसड़ा थानों में दर्ज बाइक लूट की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है।
Location : Ballia
Published : 20 October 2026, 8:37 PM IST