हिंदी
बलरामपुर पुलिस ने फूंकी 67 लाख की ड्रग्स (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Balrampur: यूपी के बलरामपुर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। ऑपरेशन दहन के तहत जब्त की गई भारी मात्रा में ड्रग्स को एक ही दिन में आग के हवाले कर दिया गया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि जिले में नशे के नेटवर्क पर अब सख्ती से चोट की जा रही है।
30 किलो से ज्यादा ड्रग्स नष्ट
पुलिस ने अलग-अलग थानों से जब्त किए गए करीब 30 किलो 982 ग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 67 लाख 89 हजार 500 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई जिले में अब तक की बड़ी ड्रग्स डिस्पोजल कार्रवाई मानी जा रही है।
विकास के नाम पर अनदेखी, अब सड़क पर उतरे ग्रामीण; सड़क-नाली को लेकर तहसील पर प्रदर्शन
ऑपरेशन दहन के तहत कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन दहन” के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय की निगरानी में प्रक्रिया पूरी हुई।
चीनी मिल के पावर प्लांट में किया निस्तारण
नशे की खेप को नष्ट करने के लिए बलरामपुर चीनी मिल्स के पावर प्लांट का चयन किया गया। यहां उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए चरस, गांजा और स्मैक को जलाकर पूरी तरह खत्म किया गया।
पांच थानों से जुड़ा था मामला
नष्ट किया गया मादक पदार्थ कोतवाली देहात, गौरा चौराहा, जरवा, गैसड़ी और पचपेड़वा थानों से संबंधित था। कुल 21 मुकदमों में जब्त इस माल को नष्ट करने के लिए पहले न्यायालय से अनुमति ली गई थी।
देवघर में पशु अस्पताल बेहाल! दवाओं की कमी से पशुपालक परेशान
पारदर्शिता के साथ पूरी प्रक्रिया
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष कमेटी बनाई गई थी। क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री की मौजूदगी में पहले मादक पदार्थों का वजन और मिलान किया गया, फिर उन्हें नष्ट किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Balrampur
Published : 21 April 2026, 7:17 PM IST