Instagram पर हुई दोस्ती, प्यार में मासूम की जान! छह माह के बच्चे को नाले में फेंकने का आरोप, प्रेमी गिरफ्तार

मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में खुले नाले से मिले छह माह के मासूम के शव मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद महिला के प्रेमी ने बच्चे को कथित तौर पर नाले में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को हापुड़ से गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 August 2026, 1:30 PM IST
google-preferred

Meerut: सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती कथित तौर पर एक ऐसे अपराध में बदल गई जिसने हर किसी को झकझोर दिया। छह माह के मासूम की गुमशुदगी, मां का अचानक घर से गायब होना और फिर खुले नाले से बच्चे का शव मिलने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अब मेरठ पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला के प्रेमी ने कथित तौर पर बच्चे को अपने साथ रखने से इनकार किया और उसे खुले नाले में फेंक दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है।

खुले नाले से मिला था छह माह के बच्चे का शव

मामला मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र का है, जहां 13 जुलाई को पंचशील कॉलोनी स्थित एक खुले नाले से छह माह के बच्चे का शव बरामद हुआ था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की जांच और गुमशुदगी के मामलों का मिलान करने के बाद मृत बच्चे की पहचान सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के दौलतपुर छन्नों गांव निवासी शबाना के छह माह के बेटे समीर के रूप में हुई।

एक दंडवत, दूसरा सपाटे, तीसरे के कंधे पर 101 लीटर गंगाजल… मेरठ के 3 दोस्तों की भक्ति देखने उमड़ पड़ी भीड़

पति ने दर्ज कराई थी पत्नी और बेटे की गुमशुदगी

पुलिस के मुताबिक, समीर के पिता इमरान ने गंगोह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई को उनकी पत्नी शबाना बेटे समीर को लेकर दवाई लेने गई थी, लेकिन इसके बाद दोनों घर वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी जब पत्नी और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में 26 जुलाई को शबाना हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में आरोपी विशाल के घर मिली, लेकिन मासूम समीर का कोई पता नहीं चला।

Instagram पर हुई दोस्ती

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ महीने पहले शबाना की इंस्टाग्राम पर हापुड़ निवासी विशाल से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन विशाल ने शबाना को मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 11:30 बजे दोनों की मुलाकात हुई।

'बच्चे को घर नहीं ले जा सकता'

जांच में सामने आए कथित घटनाक्रम के अनुसार, विशाल ने शबाना से कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। उसने कथित तौर पर कहा कि वह समीर को पास में रहने वाले एक दोस्त के पास छोड़ देगा। महिला इस बात के लिए तैयार हो गई और उसने बच्चा विशाल को सौंप दिया। कुछ मिनट बाद विशाल वापस लौटा और उसने शबाना से कहा कि उसने बच्चे को अपने दोस्त के पास छोड़ दिया है। इसके बाद वह शबाना को अपने साथ हापुड़ ले गया।

मेरठ में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत, युवती को 3 गोली मारकर युवक ने खुद को भी उड़ाया, 10 दिन पहले जेल से आया था बाहर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

इधर, मेरठ में मिले अज्ञात बच्चे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने विशाल को हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे मेरठ लाकर पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस कर रही आगे की जांच

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, बच्चे के शव की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

Location :  Meerut

Published :  1 August 2026, 1:30 PM IST

Related News

Advertisement