हिंदी
यूपी आईटीआई में तीसरी शिफ्ट शुरू (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अब राज्य में नौकरी करने वाले युवा अपनी जॉब छोड़े बिना आईटीआई (ITI) की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी और प्राइवेट आईटीआई संस्थानों में तीसरी शिफ्ट (Third Shift) को फिर से शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। यह फैसला उन युवाओं के लिए वरदान साबित होगा जो दिन के समय काम करते हैं और शाम को अपनी स्किल बढ़ाना चाहते हैं।
सरकार के इस फैसले के तहत तीसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक संचालित की जाएगी। कौशल विकास विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद अब संस्थानों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।
अभ्यर्थी ध्यान रखें कि आईटीआई एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई है। वहीं, जो छात्र ड्यूल सिस्टम ट्रेनिंग के तहत दाखिला लेना चाहते हैं, वे 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
आपको बता दें कि दो साल पहले भी उद्योगों में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (Dual System of Training) को बढ़ावा देने के लिए तीसरी शिफ्ट शुरू की गई थी, लेकिन कंपनियों के साथ समझौते न हो पाने के कारण इसे बंद कर दिया गया था। अब प्राइवेट संस्थानों की मांग पर महानिदेशक ने विशेष छूट देते हुए इस व्यवस्था को फिलहाल 1 साल के लिए फिर से बहाल कर दिया है। 7 अगस्त तक पोर्टल पर सीटों और ट्रेड की पूरी जानकारी अपडेट हो जाएगी।
इस बार प्रवेश प्रक्रिया को भी काफी पारदर्शी और आसान बनाया गया है। एडमिशन 10वीं कक्षा (हाईस्कूल) के अंकों की मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा। खास बात यह है कि राज्य और जिला स्तर के अलावा अब ब्लॉक और तहसील स्तर पर भी मेरिट लिस्ट तैयार होगी। इतना ही नहीं, स्थानीय छात्रों को फायदा देने के लिए संबंधित क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।
सरकारी नौकरी का शानदार मौका: भारत पेट्रोलियम (BPCL) में 154 पदों पर बंपर भर्तियां, ऐसे करें आवेदन
वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 305 सरकारी और लगभग 3,300 प्राइवेट आईटीआई चल रहे हैं। सरकारी आईटीआई में 1,34,575 सीटें और प्राइवेट में 3,71,732 सीटें हैं। यानी कुल मिलाकर राज्य में 5 लाख से अधिक सीटों पर युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने का बड़ा नेटवर्क तैयार है।
Location : Lucknow
Published : 1 August 2026, 2:36 PM IST
Topics : Education News UP ITI Admission UP Govt UP News