हिंदी
राहुल गांधी (Source: Pinterest )
Prayagraj: नीट और सीबीएसई से जुड़े घटनाक्रमों के बीच शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गर्म होने के आसार हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां सिविल लाइंस स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में वह छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे।
कांग्रेस के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रयागराज में तीसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के पहले चरण की शुरुआत 17 जून कोटा से हुई थी, जबकि दूसरा चरण 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया गया था। अब तीसरा चरण 8 अगस्त को प्रयागराज में होना तय हुआ है।
पहले इस चरण का समापन 9 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित विशाल छात्र रैली के साथ होना था। हालांकि, दिल्ली सरकार से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब प्रयागराज में होने वाला छात्र संवाद ही इस चरण का प्रमुख कार्यक्रम होगा।
पार्टी प्रवक्ता हसीब अहमद के मुताबिक, प्रयागराज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रवृत्ति जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा विश्वविद्यालयों के माहौल और युवाओं के भविष्य को लेकर भी राहुल गांधी छात्रों से बातचीत करेंगे। कार्यक्रम को छात्रों की समस्याओं और उनके सवालों को सीधे सामने रखने के मंच के तौर पर पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी समेत कई जिलों से छात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के भी पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर विवेकानंद पाठक के मुताबिक, अब तक डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कांग्रेस संगठन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, शहर जिला कमेटी के पदाधिकारी और स्थानीय नेताओं की बैठक प्रस्तावित है। प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी के अनुसार, राहुल गांधी के छात्र संवाद में प्रदेशभर के प्रतियोगी परीक्षार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रयागराज में होने वाला यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में हैं। ऐसे में राहुल गांधी के छात्र संवाद पर राजनीतिक और छात्र संगठनों की नजर रहेगी।
Location : Prayagraj
Published : 1 August 2026, 2:53 PM IST
Topics : Congress News prayagraj news Rahul Gandhi