युवाओं को बड़ा तोहफा: यूपी ITI में फिर लौटी थर्ड शिफ्ट, जानें एडमिशन से लेकर नया मेरिट फॉर्मूला तक सबकुछ

UP ITI Admission Update: नौकरीपेशा युवाओं के लिए बड़ी राहत! यूपी के सरकारी और प्राइवेट ITI में फिर शुरू हुई तीसरी शिफ्ट (2 PM से 10 PM)। 14 अगस्त तक करें आवेदन, जानें ब्लॉक स्तर की नई मेरिट व्यवस्था।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 August 2026, 2:36 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अब राज्य में नौकरी करने वाले युवा अपनी जॉब छोड़े बिना आईटीआई (ITI) की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी और प्राइवेट आईटीआई संस्थानों में तीसरी शिफ्ट (Third Shift) को फिर से शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। यह फैसला उन युवाओं के लिए वरदान साबित होगा जो दिन के समय काम करते हैं और शाम को अपनी स्किल बढ़ाना चाहते हैं।

दोपहर 2 से रात 10 बजे तक चलेगी क्लास, 14 अगस्त तक आवेदन

सरकार के इस फैसले के तहत तीसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक संचालित की जाएगी। कौशल विकास विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद अब संस्थानों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

इसरो में नौकरी पाने का बड़ा मौका: 746 पदों पर निकली भर्ती, जानिए कैसे GATE स्कोर दिलाएगा 56,000 की सैलरी वाली जॉब

अभ्यर्थी ध्यान रखें कि आईटीआई एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई है। वहीं, जो छात्र ड्यूल सिस्टम ट्रेनिंग के तहत दाखिला लेना चाहते हैं, वे 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

2 साल पहले बंद हुई व्यवस्था 1 साल के लिए हुई बहाल

आपको बता दें कि दो साल पहले भी उद्योगों में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (Dual System of Training) को बढ़ावा देने के लिए तीसरी शिफ्ट शुरू की गई थी, लेकिन कंपनियों के साथ समझौते न हो पाने के कारण इसे बंद कर दिया गया था। अब प्राइवेट संस्थानों की मांग पर महानिदेशक ने विशेष छूट देते हुए इस व्यवस्था को फिलहाल 1 साल के लिए फिर से बहाल कर दिया है। 7 अगस्त तक पोर्टल पर सीटों और ट्रेड की पूरी जानकारी अपडेट हो जाएगी।

25% सीटें लोकल युवाओं के लिए रिजर्व

इस बार प्रवेश प्रक्रिया को भी काफी पारदर्शी और आसान बनाया गया है। एडमिशन 10वीं कक्षा (हाईस्कूल) के अंकों की मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा। खास बात यह है कि राज्य और जिला स्तर के अलावा अब ब्लॉक और तहसील स्तर पर भी मेरिट लिस्ट तैयार होगी। इतना ही नहीं, स्थानीय छात्रों को फायदा देने के लिए संबंधित क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।

सरकारी नौकरी का शानदार मौका: भारत पेट्रोलियम (BPCL) में 154 पदों पर बंपर भर्तियां, ऐसे करें आवेदन

प्रदेश में कितनी सीटें हैं उपलब्ध?

वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 305 सरकारी और लगभग 3,300 प्राइवेट आईटीआई चल रहे हैं। सरकारी आईटीआई में 1,34,575 सीटें और प्राइवेट में 3,71,732 सीटें हैं। यानी कुल मिलाकर राज्य में 5 लाख से अधिक सीटों पर युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने का बड़ा नेटवर्क तैयार है।

Location :  Lucknow

Published :  1 August 2026, 2:36 PM IST

Advertisement