बदायूं में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों कछला से अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी कार ने बाइक को टक्कर मार दी...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 September 2026, 2:52 PM IST
google-preferred
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 51 वर्षीय धनवीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

वितरोई गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, थाना सहसवान क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी 51 वर्षीय धनवीर पुत्र बाबूराम अपने साढ़ू 35 वर्षीय अजय सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी नया गांव थाना सहसवान के साथ बाइक से शुक्रवार को कछला गए थे। दोनों वहां एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना मुजरिया क्षेत्र के वितरोई गांव के पास उनकी बाइक को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में धनवीर की मौत, अजय गंभीर घायल

दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में धनवीर की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। वहीं अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। धनवीर की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और धनवीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। वहीं घायल अजय सिंह का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

Location :  Budaun

Published :  19 September 2026, 2:23 PM IST

Related News

Advertisement