Bengaluru: शनिवार को कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से लखनऊ जा रही इंडिगो फ्लाइट के शौचालय में हाइजैक की धमकी वाला नोट मिलने से हड़कंप मच गया। पायलट ने विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतार दिया। एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर विमान की जांच शुरू की गई। एजेंसियां धमकी भरा नोट रखने वाले की पहचान में जुटी हैं।
यह घटना फ्लाइट नंबर 6E 451 की है, जिसमें 178 यात्री सवार थे। विमान केमपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब शाम 5:50 बजे रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद एक यात्री शौचालय में गया तो वहां एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर लिखा था, यह विमान ठीक 6:30 बजे हाइजैक होने वाला है।