हिंदी
हाथरस के बागला कॉलेज ग्राउंड में पटाखों की 50 दुकानें लगीं(IMG-DYNAMITE NEWS)
HATHRAS: उत्तर प्रदेश के हाथरस में दीपावली के चलते जिले में पटाखों की बिक्री जोरों शोरों पर है। शनिवार से अगले तीन दिनों तक पहले से निर्धारित स्थलों पर पटाखों की दुकानें सजी हुई हैं। पटाखों की खरीदारी के लिए ग्राहक भी बाजार पहुंचने लगे हैं। जिला प्रशासन की ओर से जनपद में पटाखों की बिक्री के लिए कुल 14 स्थान निर्धारित किए हैं। इन चिन्हित स्थलों के अलावा अन्य किसी भी स्थान पर आतिशबाजी की दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जायगी।
पिछले साल की तुलना में करीब 40 फीसदी तक महंगा मिल रहे पटाखे (IMG-DYNAMITE NEWS)
हाथरस के बागला कॉलेज ग्राउंड में आतिशबाजी की करीब 50 दुकानें लग चुकी हैं। दुकानों पर तरह-तरह के पटाखे और आतिशबाजी के सामान सजाए गए हैं। शुरुआती दौर में ही ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचने लगे हैं। हालांकि इस बार पटाखों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने ग्राहकों का बजट बिगाड़ दिया है। दुकानदारों के मुताबिक, बाहर से आने वाला आतिशबाजी का माल पिछले साल की तुलना में करीब 40 फीसदी तक महंगा मिल रहा है। इसका असर खुदरा कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। दुकानदारों ने बताया कि थोक में माल महंगा मिलने के कारण उन्हें भी पटाखे अधिक कीमत पर बेचने पड़ रहे हैं। वहीं, खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों का कहना है कि इस बार आतिशबाजी के दाम काफी बढ़ गए हैं। ऐसे में वे जरूरत के मुताबिक सीमित मात्रा में ही पटाखे खरीदकर त्योहार मनाएंगे।
यह भी पढ़ें- लीलापुर में बेखौफ चोरों का आतंक, दो घरों को बनाया निशाना, लाखों के जेवर व नकदी गायब
बागला कॉलेज ग्राउंड में सुरक्षा के लिहाज से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक दुकान के सामने 200 लीटर पानी से भरा ड्रम, बालू से भरी बाल्टियां और छोटे अग्निशमन सिलेंडर रखे गए हैं, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया है। बाजार में तीनों दिन दमकल वाहन के साथ अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की तैनाती कर भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- 251 गुमशुदा फोन और 50 लाख की रिकवरी, प्रयागराज पुलिस के मेगा अभियान से लोग गदगद
जिला प्रशासन की ओर से चारों तहसीलों में पटाखों की बिक्री के लिए 14 स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें हाथरस तहसील में बागला इंटर कॉलेज मैदान, मुरसान में जीएसएएस इंटर कॉलेज मैदान, हाथरस जंक्शन में भोपतपुर रोड का खाली मैदान, मेंडू में भैरव मंदिर के दाईं ओर खाली स्थान और महौ का पुराना किला शामिल है। सासनी में केएल जैन इंटर कॉलेज का मैदान निर्धारित किया गया है। वहीं सादाबाद और सिकंदराराऊ तहसील में भी चार-चार स्थानों पर दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है।
Location : HATHRAS
Published : 7 November 2026, 8:06 PM IST
Topics : Choti Diwali 2026 crackers Dipawali Hathras UPnews