हिंदी
सोनू सूद का आईफोन 18 प्रेमियों पर तंज (सोर्स- एक्स)
Mumbai: देशभर में एप्पल के लेटेस्ट स्मार्टफोन आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री शुरू हो चुकी है। नए मॉडल के बाजार में आते ही देश के अलग-अलग एप्पल स्टोर्स के बाहर खरीदारों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इन स्टोर के बाहर लगी भारी भीड़ और लंबी लाइनों के कई वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसी बीच, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने इन वायरल तस्वीरों पर तीखा तंज कसा है और लोगों को एक महत्वपूर्ण सलाह दी है।
एप्पल स्टोर के बाहर आईफोन खरीदने के लिए उमड़ी भीड़ की एक तस्वीर को अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर साझा करते हुए सोनू सूद ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। अभिनेता ने अपने इस पोस्ट के जरिए समाज में फैल रहे दिखावे के कल्चर और ईएमआई (EMI) के जाल में फंसने की प्रवृत्ति पर सीधा निशाना साधा है।
सोनू सूद ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'नया फोन, नई EMI… पर पुराने बिल वैसे ही! शायद अब समय आ गया है कि हम सिर्फ फोन अपग्रेड करने के बजाय, कुछ बदलाव लाने के लिए आगे आएं। असली अपग्रेड तो एक बेहतर समाज है।' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सोनू सूद के इस पोस्ट के सामने आते ही इंटरनेट यूजर्स ने भी अपनी राय रखनी शुरू कर दी। कई लोगों ने अभिनेता की बात का समर्थन किया और मौजूदा युवा पीढ़ी की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
एक सोशल मीडिया यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'सच कड़वा है, लेकिन बिल्कुल सच है! हाथ में डेढ़ लाख रुपये का फोन लेकर आप सिर्फ रील्स स्क्रॉल कर रहे हैं, लेकिन अपनी दिखावे की चाह पूरी करने के लिए आधी रात से लाइन में खड़े हैं। काश, देश के युवा समाज को बदलने के लिए लाइन में लगने में भी इतनी ही दिलचस्पी दिखाते।'
एक अन्य यूजर ने इस क्रेज को मानसिक स्थिति से जोड़ते हुए लिखा, 'ये किसी वायरस से कम नहीं है। दुख की बात है कि हमारे पास इसका कोई इलाज नहीं है।'
वहीं तीसरे यूजर ने कमेंट किया कि हमें इन महंगे बिलों का बोझ खुद पर उठाने के बजाय समाज को बेहतर और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
New phone, new EMI… same old bills! 😂 Maybe it’s time we queue up to make a difference, not just upgrade our phones. The real upgrade is a better society. ❤️ pic.twitter.com/WBVDzGrbaV
— sonu sood (@SonuSood) September 18, 2026
सोनू सूद ने अपने अब तक के अभिनय करियर में कई बेहतरीन और यादगार फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'जोधा अकबर', 'सिंह इज किंग' और तेलुगु भाषा की सुपरहिट फिल्म 'अरुंधति' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। इसके अलावा, फिल्म 'दबंग' में उनके द्वारा निभाया गया 'छेदी सिंह' का किरदार काफी लोकप्रिय रहा, जिसने उन्हें एक दमदार खलनायक के रूप में बड़ी पहचान दिलाई।
इसके बाद वह 'शूटआउट एट वडाला', 'आर... राजकुमार', 'हैप्पी न्यू ईयर', 'पलटन', 'सिंबा' और 'सम्राट पृथ्वीराज' जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आए। अभिनय के क्षेत्र में लंबी पारी खेलने के बाद, साल 2025 में सोनू सूद ने फिल्म 'फतेह' के जरिए निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा। इस फिल्म में उन्होंने अभिनय करने के साथ-साथ इसका निर्माण (प्रोडक्शन) भी खुद ही किया था।
Location : Mumbai
Published : 18 September 2026, 2:08 PM IST