एक पेड़, दो शव और कई सवाल, कानपुर पुलिस खंगाल रही मौत की वजह

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से मोबाइल, सिम और आईडी कार्ड मिले हैं। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध का एंगल सामने आया है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 September 2026, 6:15 PM IST
google-preferred

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लाइन के पास एक पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। दोनों शव पेड़ के अलग-अलग हिस्सों से लटके हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे लाइन के पास मिले दोनों के शव

मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के सुभौली गांव का है। ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के पास एक पेड़ पर युवक और महिला के शव लटके देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी पूर्वी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया।

मौके से मिले मोबाइल और पहचान पत्र

पुलिस की जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास एक पॉलीथिन बरामद हुई। इसमें मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चप्पल और कुछ पहचान संबंधी दस्तावेज मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद पहचान पत्र एक महिला का है, जिसका नाम मालती बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला उन्नाव की रहने वाली बताई जा रही है। पहचान पत्र में उसकी बहन का मोबाइल नंबर भी मिला है, जिसके जरिए पुलिस परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

महिला की शादी आठ साल पहले हुई थी

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। शुरुआती जांच में महिला और युवक के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। युवक की पहचान ओम के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से पहले की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस युवक और युवती के आपसी संबंध, परिवार की जानकारी और घटना से जुड़े अन्य सबूतों को जुटाने में लगी है। वहीं, एक ही पेड़ पर दोनों के शव मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

Location :  Kanpur

Published :  19 September 2026, 6:11 PM IST

Related News

Advertisement