हिंदी
मनु भाकर-पवन सहरावत ने थामा तिरंगा (IMG: X)
Nagoya: जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को रंगारंग अंदाज में आधिकारिक आगाज हुआ। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने तिरंगा थामकर 503 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व किया। हालांकि, भव्य समारोह के बीच स्टेडियम में बड़ी संख्या में खाली सीटें भी नजर आईं, जिसने आयोजन को लेकर चर्चा छेड़ दी।
भारत के पुरुष ध्वजवाहक को लेकर उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले बदलाव करना पड़ा। पहले शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को मनु भाकर के साथ भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया था। लेकिन उनका आधिकारिक समारोह किट समय पर नहीं पहुंच सका, जिसके कारण वह उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत को तूर की जगह ध्वजवाहक बनाया।
पवन सहरावत और मनु भाकर ने भारतीय दल के आगे तिरंगा लेकर मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। मनु भाकर ने पेरिस 2024 ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीते थे, जबकि पवन सहरावत पिछली एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे। भारत इस बार 503 खिलाड़ियों के दल के साथ एशियन गेम्स में उतरा है। भारतीय दल 36 खेलों में हिस्सा ले रहा है।
उद्घाटन समारोह का एक पहलू जिसने खासा ध्यान खींचा, वह स्टेडियम में नजर आईं खाली सीटें थीं। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में बड़ी संख्या में सीटें खाली थीं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि आयोजकों की ओर से टिकट बिकने की बात कही गई थी, लेकिन समारोह के दौरान स्टेडियम के कई हिस्सों में दर्शकों की संख्या कम दिखाई दी।
एशियन गेम्स की तैयारियों के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी चर्चा में रही। लागत कम करने के लिए इस बार पारंपरिक एथलीट्स विलेज नहीं बनाया गया है। खिलाड़ियों और अधिकारियों को होटल, अस्थायी कंटेनर शैली के आवास और क्रूज शिप में ठहराया गया है। एएफपी के मुताबिक कुछ खिलाड़ियों और टीमों ने आवास तथा लॉजिस्टिक्स को लेकर शिकायतें भी की हैं।
पीवी सिंधु जापान ओपन जीतने वाली बनीं पहली भारतीय महिला; फाइनल में यामागुची को हराया
भारतीय दल से जुड़ी किट की समस्या भी उद्घाटन समारोह से ठीक पहले सामने आई। तजिंदरपाल सिंह तूर ने बताया कि एथलेटिक्स टीम के कई खिलाड़ियों को भी उस समय तक उनकी किट नहीं मिली थी। इसी वजह से उन्हें ध्वजवाहक की भूमिका से हटना पड़ा और पवन सहरावत को यह जिम्मेदारी दी गई। उद्घाटन समारोह के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने आधिकारिक तौर पर एशियन गेम्स के शुरू होने की घोषणा की। समारोह में एशिया के अलग-अलग देशों के खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।
भारत के लिए पिछला एशियन गेम्स बेहद सफल रहा था। 2022 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारतीय दल ने कुल 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे। अब भारतीय खिलाड़ी इस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ नागोया में उतरे हैं।
Location : Nagoya
Published : 19 September 2026, 5:11 PM IST
Topics : Asian Games 2026 Asian Games Opening Ceremony Manu Bhaker Pawan Sehrawat Tajinderpal Singh Toor