हिंदी
एशियन गेम्स में भारतीय महिलाओं का तूफान (Img: X)
New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2026 एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। चौथे क्वार्टर-फाइनल मैच में भारत ने जापान को 8 विकेट से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जापानी टीम सिर्फ 57 रनों पर ऑलआउट हो गई; जवाब में भारत ने 90 गेंदें शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
कोरोगि स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मैच में भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जापान पर दबाव बनाए रखा। जापान ने 24 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 57 रनों पर ऑलआउट हो गई।
यह भी पढ़ें- अब आसान होगी मां बनने के बाद महिला क्रिकेटर्स की वापसी, जानिये क्या है ICC का बड़ा बदलाव
अयाका काटो 25 रनों के साथ जापान की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं जबकि हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सका। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए। वहीं दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट लिया। श्री चरानी ने भी घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।
58 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत लड़खड़ाती हुई रही और 24 रन के स्कोर तक दो विकेट गिर गए। इसके बाद शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया और जापानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की और 40 रनों पर नाबाद रहीं। ऋचा घोष ने बेहतरीन साथ दिया और 12 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी तेज साझेदारी की बदौलत भारत ने कुछ ही ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने 90 गेंदें यानी 15 ओवर शेष रहते जीत पक्की की।
यह भी पढ़ें- मुंबई क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर की T-20 महिला क्रिकेटर समेत तीन को दबोचा, जानिए क्या है मामला
इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2026 एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब भारत का सामना सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश से होगा। भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की और बल्ले व गेंद दोनों से खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा।
Location : New Delhi
Published : 18 September 2026, 1:29 PM IST