सैंडपेपरगेट विवाद पर 8 साल बाद बड़ा खुलासा, उस्मान ख्वाजा बोले- पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी जानकारी

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 में हुए सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर किया बड़ा खुलासा, उनका कहना है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने को लेकर पूरी टीम में बातचीत होती थी। यहां तक कि गेंद को सैंडपेपर से रगड़कर खराब करने जैसे तरीकों पर भी चर्चा की गई थी।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 7 November 2026, 9:56 AM IST
google-preferred

New Delhi: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 में हुए सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर कई अहम बातें बताई हैं। उनका कहना है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने को लेकर पूरी टीम में बातचीत होती थी। यहां तक कि गेंद को सैंडपेपर से रगड़कर खराब करने जैसे तरीकों पर भी चर्चा की गई थी। ख्वाजा ने अपनी आने वाली किताब में इस घटना से जुड़े कई खुलासे किए हैं। उनकी किताब के कुछ हिस्से द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में प्रकाशित हुए हैं। इसमें उन्होंने बताया कि गेंद से छेड़छाड़ की बात सिर्फ कुछ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि टीम के कई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी इसकी जानकारी थी। बता दें कि इस विवाद के सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया था।

कैसे सामने आया था ऑस्ट्रेलिया का सैंडपेपरगेट मामला?

मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। इसी दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरुन बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए पकड़े गए थे। इसका मकसद गेंद की हालत बदलकर मैच में फायदा उठाना था। इस घटना के सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। मामले की जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को दोषी पाया था। इसके बाद स्मिथ और वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने तक क्रिकेट खेलने से रोक दिया गया था। उस समय जांच में बताया गया था कि इस योजना की जानकारी इन तीनों खिलाड़ियों को ही थी। उस्मान ख्वाजा के नए दावों पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पुरानी जांच का बचाव किया है। बोर्ड ने बयान जारी करके कहा, 'अब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने पेश की गई सभी जानकारियों पर उचित रूप से विचार किया गया है और हम अपनी इंटीग्रिटी प्रोसेस के निष्कर्षों से संतुष्ट हैं। कोई भी प्रासंगिक जानकारी पेश करने का अवसर हमेशा उपलब्ध रहा है और आगे भी रहेगा।

usman khawaja

ख्वाजा ने अपनी आने वाली किताब में किए बड़े खुलासे( AI Generated ig)

इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं उस्मान ख्वाजा

पाकिस्तान में जन्मे 39 वर्षीय उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से लंबे समय तक क्रिकेट खेला। उनके करियर में 88 टेस्ट, 40 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 43 के करीब औसत से कुल 6,229 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 शतक और 28 अर्धशतक निकले। ख्वाजा ने इसी साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था। अब वह अपनी जिंदगी और क्रिकेट के सफर से जुड़े अनुभवों को अपनी आने वाली आत्मकथा के जरिए लोगों के सामने रखने जा रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  7 November 2026, 9:56 AM IST

Advertisement