हिंदी
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती (Img: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी चुनावी रणनीति को और तेज कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने साफ कर दिया है कि बसपा लगभग 25 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार तय कर चुकी है, लेकिन सभी उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर वही लगाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और अफवाहों को पूरी तरह खारिज करते हुए कार्यकर्ताओं से ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की है।
शुक्रवार को मायावती ने अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट के जरिए जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में लगातार राज्य स्तरीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ उम्मीदवार चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है।
मायावती ने कहा कि पार्टी अब तक साक्षात्कार और अन्य प्रक्रियाओं के बाद लगभग दो दर्जन से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों का चयन कर चुकी है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने का अधिकार केवल उनके पास है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए बसपा के उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही करती हैं। इस व्यवस्था में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि बसपा के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद को उम्मीदवार चयन की जिम्मेदारी दी गई है। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए मायावती ने कहा कि इन खबरों में "रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार चयन से जुड़े सभी अंतिम निर्णय वही लेती हैं और भविष्य में भी यही प्रक्रिया जारी रहेगी।
बसपा प्रमुख ने कहा कि पिछले एक वर्ष से आकाश आनंद को विभिन्न राज्यों में संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि 9 अक्टूबर 2025 को लखनऊ में आयोजित कांशीराम की पुण्यतिथि पर हुई महारैली में भी आकाश आनंद को संबोधित करने का अवसर दिया गया था।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। वर्ष 2007 में मायावती के नेतृत्व में बसपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। हालांकि इसके बाद पार्टी का प्रदर्शन लगातार कमजोर हुआ और 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा केवल एक सीट जीत सकी थी। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अभी से संगठन मजबूत करने और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में जुट गई है।
Location : Lucknow
Published : 1 August 2026, 2:49 PM IST