हिंदी
मायावती की महारैली (Img: X)
Lucknow: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की ताकत दिखाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी संस्थापक कांशीराम के 9 अक्टूबर को होने वाले परिनिर्वाण दिवस पर राजधानी लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। पार्टी इसे चुनावी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवारों को अधिक से अधिक समर्थकों के साथ रैली में पहुंचने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि रैली में भीड़ जुटाने की क्षमता टिकट वितरण के दौरान अहम पैमाना बन सकती है। अगले सप्ताह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की जाएगी, जिसमें बसपा प्रमुख मायावती आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
पिछले वर्ष आयोजित परिनिर्वाण दिवस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन का मनोबल बढ़ाया था। उसी मंच से मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया था। इस बार भी उनके कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देने की संभावना है।
Lucknow: सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव, जाना हालचाल
बसपा का दावा है कि इस बार महारैली में 10 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी होगी। उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। पार्टी का मानना है कि यदि अपेक्षित संख्या में भीड़ जुटती है, तो विधानसभा चुनाव से पहले इसका सकारात्मक राजनीतिक संदेश जाएगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।
Location : Lucknow
Published : 24 July 2026, 11:08 AM IST