हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े ट्रक से भिड़ी कार; ढाई साल के मासूम समेत दो की मौत

हरदोई के गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में खड़े ट्रक से टकराने पर कार सवार ढाई साल के मासूम और चालक की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 August 2026, 12:59 PM IST
google-preferred

Hardoi: गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक पल की चूक ने खुशहाल परिवार की जिंदगी को मातम में बदल दिया। दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत ढाई साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जबकि चालक का शव निकालने के लिए कार को गैस कटर से काटना पड़ा।

रिश्तेदार के निधन पर जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज निवासी जटाशंकर (63) फिलहाल अपने परिवार के साथ दिल्ली के सेक्टर-59 में रहते हैं। परिवार को प्रतापगढ़ में एक रिश्तेदार के निधन की सूचना मिली थी, जिसके बाद सभी लोग किराए की अर्टिगा कार से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली से प्रतापगढ़ रवाना हुए थे। कार में जटाशंकर के साथ उनके दामाद आलोक मिश्रा (36), बेटी पूजा मिश्रा (31), ढाई साल का नाती आदबिक और चालक पवन शुक्ला (40) मौजूद थे। पवन शुक्ला अयोध्या के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पत्नी ने ही रची साजिश? हरदोई में युवक ने लगाया जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप, बोला- दो साढ़ुओं से अवैध संबंध…

गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण हादसा

शनिवार सुबह करीब नौ बजे कार हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र स्थित फत्तेपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे के कट संख्या 270-71 पर पहुंची। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

मासूम और चालक की मौके पर ही मौत

इस दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम आदबिक और कार चला रहे पवन शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जटाशंकर, आलोक मिश्रा और पूजा मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह ट्रक में फंस गई।

कार काटकर निकाला गया चालक का शव

हादसे की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि चालक तक पहुंचना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद कार को गैस कटर से काटकर चालक पवन शुक्ला का शव बाहर निकाला गया।

पत्नी को मायके भेज कर पतिदेव ‘सौतन’ के साथ बैडरूम में…नोएडा से हरदोई तक मचा बवाल, जानें पूरा मामला

तीन घायलों की हालत गंभीर

पाली सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जटाशंकर, आलोक मिश्रा और पूजा मिश्रा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया। अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है। परिवार जिस दुखद सूचना पर प्रतापगढ़ जा रहा था, रास्ते में उससे भी बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पाली थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Location :  Hardoi

Published :  1 August 2026, 12:59 PM IST

Advertisement