CWG 2026: 23 पदकों के साथ भी 10वें स्थान पर भारत, नीरज चोपड़ा समेत इन खिलाड़ियों ने दिलाए मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने एक दिन में छह पदक जीतकर कुल संख्या 23 कर दी, लेकिन फिर भी 10वें स्थान पर बना हुआ है। जूडो में ऐतिहासिक प्रदर्शन और नीरज चोपड़ा समेत कई खिलाड़ियों ने दिलाई बड़ी सफलता। जानिए किसने जीता कौन-सा पदक।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 1 August 2026, 2:43 PM IST
google-preferred

New Delhi: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शुक्रवार भारतीय दल के लिए अब तक का सबसे शानदार दिन साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में छह पदक अपने नाम किए, जिससे भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। फिलहाल भारत के खाते में 5 स्वर्ण, 12 रजत और 6 कांस्य पदक हैं। इसके बावजूद भारतीय टीम पदक तालिका में 10वें स्थान पर बनी हुई है। हालांकि बॉक्सिंग में सभी 10 भारतीय मुक्केबाजों के फाइनल में पहुंचने से भारत के लिए कम से कम 10 और पदक तय हो चुके हैं।

जूडो में पहली बार दो गोल्ड जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने रचा नया इतिहास

इस बार जूडो में भारतीय खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। महिला 48 किलोग्राम वर्ग में अस्मिता डे ने कनाडा की खिलाड़ी को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। वहीं पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी को मात देकर जूडो में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। महिला 57 किलोग्राम वर्ग में यामिनी मौर्य ने शानदार मुकाबला खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

CWG 2026: भाला फेंक में भारत की डबल खुशी, नीरज चोपड़ा को रजत, यशवीर ने जीता कांस्य

नीरज चोपड़ा और तेजस्विन शंकर ने बढ़ाया भारत का गौरव

स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ 85.83 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वहीं पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स खेल रहे यशवीर सिंह ने अंतिम प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। दूसरी ओर तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीतकर इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनने का इतिहास रच दिया। उन्होंने लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारत को पदक दिलाने का कारनामा किया।

बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा

भारतीय बॉक्सरों का प्रदर्शन भी शानदार रहा। लवलीना बोरगोहेन, जैस्मीन लंबोरिया, अरुंधति चौधरी, प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, जादुमणि सिंह, अंकुश पंघाल, नरेंद्र बरवाल और सचिन सिवाच अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना चुके हैं। ऐसे में भारत के खाते में कम से कम 10 और पदक जुड़ना तय माना जा रहा है। अब सभी की नजर इन मुकाबलों में स्वर्ण जीतने पर रहेगी।

CWG 2026: 3 गोल्ड समेत 17 मेडल… जानिए पदक तालिका में किस नंबर पर पहुँचा भारत और किन खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

लॉन बॉल्स में लगातार चौथी जीत

लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी ने फॉकलैंड आइलैंड्स को हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और शानदार लय बरकरार रखी। वहीं साइकिलिंग स्पर्धा में भारत के दिनेश कुमार, हर्षवीर सिंह सेखों और डेविड बेकहम अगले चरण में जगह नहीं बना सके, जिससे इस खेल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

Location :  New Delhi

Published :  1 August 2026, 2:35 PM IST

Advertisement