हिंदी
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के बैलों गांव में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वंदना के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
घर के भीतर फंदे से लटका मिला शव
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैलों में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान वंदना (25) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार वंदना, गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक निवासी जयप्रकाश की बेटी थी। लगभग पांच वर्ष पूर्व उसका विवाह बैलों गांव निवासी महेश निषाद से हुआ था। दंपति की कोई संतान नहीं थी। बताया गया कि महेश निषाद रोज़गार के सिलसिले में करीब एक माह पहले चेन्नई गए हुए थे और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
परिजनों के अनुसार घटना के समय ससुर त्रिलोकी किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि छोटा देवर ब्रह्मा गांव में ही मौजूद था। जब ससुर घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर बहू वंदना को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद मायके पक्ष को सूचना दी गई।
चेन्नई में पति और गोरखपुर में बीवी की लाश, आत्महत्या या हत्या? पुलिस के खुलासे पर सबकी नजर
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उनका कहना था कि विवाह के बाद से ही वंदना को दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने संभाला।
पुलिस टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कमरे, दरवाजों और आसपास के हालात की गहन जांच की।
सोनभद्र में वाहन चोरों पर पुलिस का ताबड़तोड़ वार, दबोचे गए दो आरोपी; गिरोह हुआ बेनकाब
पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है। चौकी प्रभारी अजीत तिवारी ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में दहेज प्रताड़ना या किसी अन्य अपराध के साक्ष्य मिलते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।