हिंदी
महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक आदित्य चौरसिया की निर्मम हत्या के बाद गांव वैकुंठपुर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। आरोपियों की गिरफ्तारी और अहम साक्ष्यों की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के जिला महाराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम वैकुंठपुर निवासी 19 वर्षीय आदित्य चौरसिया की निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। युवक की हत्या से परिजन गहरे सदमे में हैं और गांव में शोक के साथ-साथ भारी तनाव का माहौल बना रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी और अहम साक्ष्यों की बरामदगी नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
परिजनों की मांग थी कि मृतक का मोबाइल फोन और जूता, जो घटना के बाद से गायब हैं, तत्काल बरामद किए जाएं। उनका कहना था कि इन्हीं साक्ष्यों से हत्याकांड की सच्चाई सामने आ सकती है। इसी मांग को लेकर गांव में कई घंटों तक अंतिम संस्कार रुका रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध कुमार, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। गांव में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने परिजनों से लगातार बातचीत कर निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाने की कोशिश की।
लापरवाही या साजिश? सोनभद्र में सीओ की गाड़ी से महिला की मौत, न्याय के लिए सड़क पर उतरा जनसैलाब
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू की गंभीरता से जांच हो रही है। हालांकि परिजन केवल मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उनकी साफ मांग थी कि हत्या के आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।
कई घंटे चली मान-मनौव्वल के बाद परिजन इस शर्त पर अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिजनों ने प्रदीप गुप्ता, चांदनी, मथुरा गुप्ता, चंदन, अजय समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
सीओ अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में थानाध्यक्ष योगेन्द्र राय ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच त्रिमुहानी घाट पर आदित्य का अंतिम संस्कार कराया गया।
मैनपुरी में पुलिस के अभियान का असर: हथियार के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, बड़ी वारदात टली
पुलिस ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन समेत अन्य अहम साक्ष्यों की बरामदगी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही पूरे हत्याकांड के खुलासे का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की सतर्क निगरानी लगातार जारी है।