हिंदी
रायबरेली में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइकसवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम की मौत हो गई और दो लोग गंभीर घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम पहिए के नीचे आ गया।
रायबरेली में तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर
Raebareli: रायबरेली में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइकसवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम की मौत हो गई और दो लोग गंभीर घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम पहिए के नीचे आ गया। ट्रक मासूम को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। उसके बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।
यह घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच हाईवे पर शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे हुई। मृतक मासूम की पहचान वेदांश (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों में महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर सलेथू गांव निवासी 18 वर्षीय हर्षित पुत्र सूर्यलाल और उसकी बड़ी बहन रीना पत्नी मोनू शर्मा शामिल हैं, जो शिवगढ़ के केसरखेड़ा मजरे चितवनियां की रहने वाली हैं।
मासूम की मां, जो खुद उस बाइक पर सवार थी। वह बच्चे के क्षत-विक्षत शव को देख कर चीखने लगी। हादसे से घटनास्थल पर पूरी तरह खून पसर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर लोगों से पुलिस ने पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर ट्रकचालक की तलाश शुरू कर दी है।
RBI Recruitment 2026: लीगल ऑफिसर और मैनेजर समेत कई पदों पर भर्ती, जल्द करें आवेदन
वहीं चंदापुर थाना क्षेत्र में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बकहा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से गिरी महिला को कुचल दिया।
घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के पहियों में फंसा महिला का शव लगभग 100 मीटर तक घिसटता चला गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Gorakhpur Horror: घर में विवाहिता का मिला… गोरखपुर से दिल दहला देने वाला मामला
मृतक महिला की पहचान डेडैया मजरे घूराडीह गांव निवासी 46 वर्षीय जसमता के रूप में हुई है। जसमता अपने पति गंगा प्रसाद के साथ मोहनगंज स्थित रिश्तेदारी से बाइक पर बैठकर घर लौट रही थीं। शाम करीब 5 बजे गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे जसमता सड़क पर गिर गईं।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।