हिंदी
हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय में जिलाधिकारी लालित मोहन रायल के अचानक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। डीएम के पहुंचते ही परिसर में मौजूद दलाल मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान रिकॉर्ड रूम में अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए।
हल्द्वानी RTO में DM की अचानक छापेमारी
Nainital: हल्द्वानी स्थित आरटीओ कार्यालय में शनिवार का दिन अचानक हलचल भरा हो गया, जब जिलाधिकारी लालित मोहन रायल बिना किसी पूर्व सूचना के निरीक्षण के लिए पहुंच गए। डीएम को देखते ही कार्यालय परिसर में मौजूद दलाल मौके से भाग खड़े हुए, जिससे माहौल एकदम अफरा-तफरी में बदल गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। यहां दस्तावेजों की व्यवस्था अस्त-व्यस्त मिली, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि ऑफिस के गोपनीय और दस्तावेजी हिस्सों में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश बिल्कुल वर्जित होना चाहिए।
डीएम ने बताया कि आरटीओ कार्यालय में लंबे समय से अव्यवस्थाओं और बाहरी हस्तक्षेप की शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी नेम प्लेट और आई कार्ड अनिवार्य रूप से पहनें ताकि पहचान स्पष्ट रहे और जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
डिंपल यादव का चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार, भाजपा को भी खूब लपेटा, Video में देखें पूरा बयान
कार्यालय परिसर में शिकायत पेटी न मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश जारी किए। साथ ही यह भी कहा कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग हर सात दिन में नियमित रूप से जांची जाए, ताकि किसी भी अनियमित गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
दलालों पर रोक के लिए जिलाधिकारी ने खास निर्देश देते हुए कहा कि आरटीओ कार्यालय में स्पष्ट संदेश वाला फ्लेक्स लगाया जाए, जिसमें यह लिखा हो कि सरकार द्वारा किसी भी एजेंट को अधिकृत नहीं किया गया है। उन्होंने परिवहन अधिकारियों को समूची व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी रखने के निर्देश देते हुए साफ किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।