हिंदी
रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने पंचायत अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन फील्ड भ्रमण और कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य ग्राम स्तर पर प्रशासनिक उपस्थिति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने पंचायत अधिकारियों के लिए फील्ड भ्रमण अनिवार्य किया
Rudraprayag: जनपद के अंतर्गत सभी विकास खंडों में कार्यरत पंचायत अधिकारियों द्वारा अब सप्ताह के तीन दिवसों में अपने क्षेत्रों में फील्ड भ्रमण और कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने इस बाबत आदेश जारी किया है और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने तैनाती क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी ने बताया कि अक्सर यह देखा जा रहा है कि कुछ ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं। अधिकांश समय वे ब्लॉक मुख्यालय या अन्य स्थानों पर ही शासकीय कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इससे फील्ड स्तर के कर्मचारियों के समय का सही उपयोग नहीं हो पाता और जन समस्याओं के निस्तारण तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा आती है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सप्ताह के तीन दिनों में फील्ड भ्रमण करने और कैंप आयोजित करने के लिए सुनिश्चित करें। इसके साथ ही साप्ताहिक फील्ड भ्रमण का रोस्टर तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य होगा।

रुद्रप्रयाग के जखोली में एक ही दायरे में तीन गुलदार, कैरिंग कैपेसिटी पर बड़ा सवाल; दहशत में गांव
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं। इसके जरिए स्थानीय लोगों को फील्ड भ्रमण और कैंप की पूर्व सूचना दी जाएगी। इससे ग्रामीणों को सुविधा मिलने के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने यह स्पष्ट किया कि फील्ड भ्रमण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का माध्यम है। अधिकारियों की नियमित उपस्थिति से जन शिकायतों का निस्तारण तेज होगा और योजनाओं के लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचेंगे।
जंगल से बढ़ता खतरा, रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का डीएफओ कार्यालय घेराव, वन्यजीव हमलों पर सख्त मांग
अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे रोस्टर के अनुसार समयबद्ध ढंग से फील्ड भ्रमण करें। इसके अलावा, कैंप का आयोजन प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रभावी रूप से किया जाए ताकि ग्रामीण स्तर पर प्रशासन की उपस्थिति महसूस की जा सके।