चेन्नई में पति और गोरखपुर में बीवी की लाश, आत्महत्या या हत्या? पुलिस के खुलासे पर सबकी नजर

गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 6:58 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। शांत गांव बैलों में अचानक चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतका के मायके पक्ष ने इसे सीधा दहेज हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घर के भीतर लटका मिला शव

मृतका की पहचान वंदना उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। वंदना पिपराइच थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैलों में अपने ससुराल में रह रही थी। परिजनों के अनुसार, जब ससुर त्रिलोकी घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर उन्होंने बहू वंदना को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए और तत्काल इसकी सूचना मायके पक्ष और पुलिस को दी गई।

मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंचे। मृतका के परिजनों का आरोप है कि वंदना को शादी के बाद से ही दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि उत्पीड़न से तंग आकर वंदना की जान गई है या फिर उसे मारकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। आरोपों के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने संभाला।

पति चेन्नई में, घर में कौन-कौन था मौजूद

जानकारी के मुताबिक वंदना की शादी करीब पांच साल पहले बैलों गांव निवासी महेश निषाद से हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि महेश निषाद रोज़गार के सिलसिले में लगभग एक माह पहले चेन्नई गए हुए थे और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। ससुर त्रिलोकी किसी काम से बाहर गए थे, जबकि छोटा देवर ब्रह्मा गांव में ही मौजूद था।

फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

घटना की सूचना पर पिपराइच थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फोरेंसिक टीम ने कमरे, दरवाजे और आसपास के हालात की गहन जांच की है। चौकी प्रभारी अजीत तिवारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 7 February 2026, 6:58 PM IST

Advertisement
Advertisement