हिंदी
मजदूर फंसाकर लाने वाला आरोपी गिरफ्तार (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Muzaffarnagar: जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में सामने आए बंधुआ मजदूरी और मजदूरों के उत्पीड़न मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तितावी पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी रबित उर्फ रेबिट को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुख्य अभियुक्त अंकित बालियान के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों और जनपदों के रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड से मजदूरों को अच्छे वेतन, भोजन और बेहतर काम का झांसा देकर फैक्ट्री में लाता था। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराई जाती थी और उनका उत्पीड़न किया जाता था।
गौरतलब है कि 23 जून को ग्राम मांडी स्थित एक दोना-पत्तल बनाने वाली फैक्ट्री में मजदूरों को बंधक बनाकर रखने और उनसे जबरन काम कराने की सूचना पर थाना तितावी पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से एक बाल मजदूर सहित कुल 13 मजदूरों को मुक्त कराया गया था। उस समय पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि कुछ आरोपी फरार चल रहे थे।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर थाना तितावी पुलिस ने ढिंढावली मार्ग स्थित पुलिया के पास से वांछित आरोपी रबित उर्फ रेबिट (39 वर्ष), निवासी ग्राम मांडी, थाना तितावी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मुख्य आरोपी अंकित बालियान उसे मजदूर लाने के बदले पैसे देता था। पैसों के लालच में वह हरिद्वार, अंबाला समेत विभिन्न रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जाकर मजदूरों को अधिक वेतन और अच्छी सुविधाओं का लालच देता था तथा उन्हें फैक्ट्री में लेकर आता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि करीब दो महीने पहले वह हरिद्वार रेलवे स्टेशन से राजस्थान निवासी एक मजदूर और अंबाला रेलवे स्टेशन से दो मजदूरों को लेकर आया था। इन सभी को फैक्ट्री में बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराई जा रही थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 29 June 2026, 4:09 AM IST