हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: सोशल मीडिया, फर्जी कॉल और ऑनलाइन झांसे के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाने वाले साइबर ठगों पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे थे। कहीं ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का लालच दिया जा रहा था, तो कहीं फर्जी नौकरी और लोन दिलाने के नाम पर ठगी की जा रही थी। इसके अलावा बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी रकम हड़पने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया गया है।
पहले मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर ऑनलाइन निवेश का झांसा देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। आरोपियों ने पीड़ितों को कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया और धीरे-धीरे उनसे बड़ी रकम निवेश के नाम पर ट्रांसफर करा ली। जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने एक करोड़ एक लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की थी। पुलिस ने इस मामले में विक्रमजीत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई अहम डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही करीब 25 लाख 18 हजार रुपये की रकम फ्रीज कराई गई है, जिसे पीड़ित को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में पुलिस ने फर्जी पहचान पत्रों के जरिए सिम कार्ड एक्टिवेट कर लोगों को ठगने वाले गिरोह का खुलासा किया है। आरोपियों ने लोगों को नौकरी दिलाने और लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनके साथ धोखाधड़ी की। इस मामले में मेरठ निवासी शाजेब और वकील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
तीसरे मामले में पुलिस ने बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि हड़पने वाले संगठित गिरोह को पकड़ा है। आरोपियों ने पीड़ित को झांसे में लेकर करीब 60 लाख रुपये की बीमा राशि अपने कब्जे में ले ली थी। इस मामले में पुलिस ने अनिल कुमार, सचिन और जितेंद्र उर्फ जितेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब बाकी जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
मुजफ्फरनगर में श्रमिकों को बंधक बनाने के केस के बाद एक और हैरान करने वाला मामला
साइबर क्राइम थाना पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन गिरोहों के तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं और कितने लोगों को अब तक अपना शिकार बना चुके हैं। इसके साथ ही बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इन मामलों में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 June 2026, 7:11 PM IST